आशा दिवस पर योजनाओं की समीक्षा, अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने पर जोर
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
05 जनवरी।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता अहम भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, रोग नियंत्रण, पोषण और परिवार नियोजन जैसे कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं के सतत प्रयासों से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिली है।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंज के सभागार में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अखलकुर रहमान की अध्यक्षता में आशा दिवस के अवसर पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न पंचायतों से आई आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में गर्भवती महिलाओं के शीघ्र पंजीकरण, सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशु देखभाल, टीकाकरण, गैर-संक्रामक रोगों की पहचान, क्षय रोग उन्मूलन, परिवार नियोजन, पोषण एवं वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सहित सभी प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सेवा गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने कहा कि आशा स्वास्थ्य व्यवस्था की आधारशिला हैं। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी, टीकाकरण की सफलता और रोग नियंत्रण में आशा का योगदान सराहनीय है। वहीं जिला पदाधिकारी विशाल राज ने कहा कि आशा समाज में व्यवहार परिवर्तन की सबसे प्रभावी कड़ी हैं, जिनके प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा और दशा में निरंतर सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, परामर्शदाता एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



