google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

चार हजार रुपये रिश्वत लेते शिकारपुर थाने का एएसआई गिरफ्तार

बिजली चोरी के मामले में बेल दिलाने के एवज में मांगी थी रिश्वत, निगरानी की टीम ने रंगे हाथ दबोचा

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
बेतिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में सोमवार को बड़ी सफलता मिली। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शिकारपुर के हाईस्कूल चौक उर्फ शहीद चौक से की गई।
निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, पकड़े गए एएसआई के खिलाफ शिकारपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी अमृत कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनके पिता के खिलाफ विद्युत चोरी के मामले में दर्ज शिकारपुर थाना कांड संख्या-794/26 में बेल दिलाने के एवज में एएसआई द्वारा चार हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद 21 अगस्त 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या-101/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस निरीक्षक अस्मित कुमार के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।


धावादल ने सोमवार को जाल बिछाकर एएसआई उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को चार हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

2026 में भ्रष्टाचार का 101वां मामला
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ दर्ज की गई यह 101वीं प्राथमिकी है। इनमें 93 ट्रैप कांड शामिल हैं। इन मामलों में अब तक 91 आरोपितों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 32 लाख 34 हजार 800 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है। वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे और 37 लाख 80 हजार 300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद हुई थी।

रिश्वत मांगे जाने पर निगरानी को दें सूचना
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि किसी सरकारी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर इसकी सूचना तत्काल ब्यूरो को दें। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 0612-2215344, मोबाइल नंबर 7765953261 तथा व्हाट्सऐप नंबर 9473494167 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा spvig-bih@nic.in पर ई-मेल के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)