अमूल्य पूँजी है देश के जागरूक किसान: अभिजीत मौर्य

•~ परसौना मे किसान कारवाँ कार्यक्रम संपन्न

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। घोरावल विकासखंड के परसौना ग्राम मे शनिवार को किसान कारवां कार्यक्रम का सफल आयोजन सामुदायिक सभागार मे संपन्न हुआ।कार्यक्रम मे कृषि, पशु पालन, पोषण एवं आधुनिक खेती से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा किसानों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी।कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, सोनभद्र के पशुपालन विषय विशेषज्ञ डॉ. ए.के. यादव ने पशुओं के स्वास्थ्य एवं टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए किसानों को मुंहपका-खुरपका (FMD) एवं थनैला जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षण,बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।वहीं कृषि विज्ञान केंद्र,सोनभद्र की एसएमएस डॉ. रश्मि सिंह ने संतुलित पोषण एवं स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा करते हुए महिला एवं पुरुष किसानों को दैनिक जीवन में पोषक आहार अपनाने की सलाह दी तथा पेट संबंधी समस्याओं से बचाव हेतु भोजन बनाने से पूर्व दाल भिगोने जैसी उपयोगी जानकारी साझा की।

इफको, सोनभद्र के क्षेत्रीय अधिकारी अभिजीत मौर्य ने किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के समुचित प्रयोग की विधि समझाते हुए बताया कि इन उर्वरकों का उपयोग फसल की किस अवस्था में करना चाहिए तथा नैनो डीएपी द्वारा बीज एवं फसल उपचार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सागरिका उत्पाद के लाभ एवं उपयोगिता के विषय में भी किसानों को अवगत कराया।


‌‌इफको के क्षेत्रीय अधिकारी अभिजीत मौर्य ने कहा कि एक जागरूक किसान अपने परिवार व गांव की ही नही बल्कि राष्ट्र की अमूल्य पूँजी होता है और इफको का संकल्प इस जागरूकता को कायम रखना है। कृषि विभाग के एडीओ तेजराम गंगवार ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व एवं उससे मिलने वाले लाभों के बारे में बताते हुए कहा कि भविष्य में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं खाद वितरण का लाभ केवल उन्हीं किसानों को प्राप्त होगा जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होगी। इसके अतिरिक्त इफको एमसी के क्षेत्रीय अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने इफको एमसी की स्थापना के उद्देश्य एवं फसल सुरक्षा हेतु उपलब्ध विभिन्न उत्पादों की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में प्रगतिशील युवती किसान नेहा सिंह ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़कर वह न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अन्य महिलाओं एवं युवतियों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।उन्होंने बताया कि वर्तमान में मशरूम उत्पादन के माध्यम से वह अच्छी आय अर्जित कर रही हैं। यह कार्यक्रम किसानों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिसमें आधुनिक कृषि तकनीकों, पोषण, पशुपालन एवं आत्मनिर्भरता के विभिन्न आयामों पर उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।


कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, सोनभद्र के पशुपालन विषय विशेषज्ञ डॉ. ए.के. यादव, कृषि विज्ञान केंद्र, सोनभद्र की एसएमएस डॉ. रश्मि सिंह, इफको सोनभद्र के क्षेत्रीय अधिकारी अभिजीत मौर्य, SFA अवनीश कुमार पाण्डेय, इफको MDE कृष्णकांत तिवारी, कृषि विभाग के एडीओ तेजराम गंगवार, इफको एमसी के क्षेत्रीय अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं किसानों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)