भिवानी में सड़क सुरक्षा व नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान

: वाहन चालकों से हेलमेट-सीट बेल्ट व यातायात नियम अपनाने की अपील

दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता।( महेन्द्र जावला बहल )

भिवानी। सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा कार सेवा अभियान तथा हिट एंड रन कानून को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग करना और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों से अपील की गई कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी न केवल स्वयं के लिए, बल्कि दूसरों के जीवन के लिए भी घातक साबित हो सकती है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को ड्रग्स जैसे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने जागरूकता अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि वे अपने आसपास के वातावरण को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं।

कार्यक्रम में शिक्षाविद् विजेंद्र कुमार एवं निदेशक सावित्री यादव ने हेलमेट का डेमो देकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक उपाय हैं, जिनका पालन हर हाल में किया जाना चाहिए। कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना व नशे जैसी बुराई से दूर रहना बहुत जरूरी है।

अभियान के संयोजक एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि ड्रग्स जैसे नशे से युवाओं को दूर रखने के लिए देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने भी अपील की है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” थीम-2025 के तहत जनसंदेश अभियान शुरू किया गया है। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर भी निरंतर जागरूकता फैलाई जा रही है, ताकि युवा यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)