कुलदीप सिंह | लखीमपुर खीरी।
थाना हैदराबाद क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर ब्रांच नहर से गुरुवार को एक महिला का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने ममरी पुल के पास नहर में शव उतराता देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना हैदराबाद पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक शव पानी के तेज बहाव के कारण आगे बह चुका था।
ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान बेलवा गांव निवासी सर्वेश कश्यप की पत्नी ममता (40) के रूप में हुई।
ग्रामीणों के अनुसार सर्वेश कश्यप अपनी पत्नी ममता को खुखाय स्थित नहर किनारे एक मंदिर में पूजा कराने के लिए ले गए थे। पूजा के बाद ममता को वहीं छोड़कर वह अपने काम से नर्सरी चले गए थे। ममता नहर तक कैसे पहुंची, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं है। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मंदिर परिसर में बंदरों के कारण पैर फिसलने से वह नहर में गिर गई होंगी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति सर्वेश कश्यप सेवानिवृत्त फौजी बताए गए हैं। उनके परिवार में दो बेटियां — मुस्कान (24) और मानशी (22) तथा एक बेटा हिमांशु (20) है, जो लखनऊ में पढ़ाई कर रहा है।
थानाध्यक्ष सुनील मलिक ने बताया कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण शव पुल से आगे निकल गया था। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया, जहां सीपीआर के माध्यम से बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक महिला की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



