पंकज कुमार पाठक, दैनिक समाज जागरण
पदमा (हजारीबाग)-झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के निर्देशानुसार 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम पब्लिक स्कूल, लाटी, पदमा, हजारीबाग में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरदीप ओझा के संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की रक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की थीम “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” है तथा सरकार का लक्ष्य जनवरी 2026 को “जीरो फेटलिटी मंथ” के रूप में मनाना है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, तेज गति एवं नशे की अवस्था में वाहन न चलाने तथा अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने यह संकल्प दोहराया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों को समाज तक पहुँचाया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



