दैनिक समाज जागरण | जिला संवाददाता (महेन्द्र जावला बहल)
बहल: बहल गांव में पटवारी की लगातार अनुपस्थिति के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से नाराज ग्रामीणों ने उपायुक्त भिवानी को पत्र लिखकर वर्तमान पटवारी के तबादले और नए योग्य व अनुभवी पटवारी की नियुक्ति की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि बहल गांव की आबादी लगभग 40 हजार है और करीब 6 हजार किला जमीन दर्ज है। गांव में सरकारी पटवार घर भी बना हुआ है, जहां दो पटवारियों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन फिलहाल केवल एक ही पटवारी तैनात है। आरोप है कि संबंधित पटवारी सप्ताह में सिर्फ एक दिन ही कार्यालय में उपस्थित रहता है, जिससे आम जनता के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रेनी पटवारी कभी-कभार कार्यालय खोलते हैं, लेकिन उनके पास दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं है। इसके चलते पिछले कई वर्षों की रजिस्ट्रियों के इंतकाल लंबित पड़े हैं और अधिकतर समय पटवार घर बंद रहता है। लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पटवारी कार्यों में टालमटोल करता है और राजस्व रिकॉर्ड को निजी लोगों को फोटो कॉपी के लिए दे देता है, जिससे रिकॉर्ड की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।
इस संबंध में सोशल वर्कर राजेश अग्रवाल ने उपायुक्त से मांग की है कि वर्तमान पटवारी को हटाकर किसी योग्य और अनुभवी अधिकारी को बहल में नियुक्त किया जाए, ताकि ग्रामीणों के कार्य समय पर पूरे हो सकें और राजस्व रिकॉर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
👉 ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बहल #पटवारी #भिवानी #हरियाणाखबर #राजस्वविभाग #गांव_समस्या #इंतकाल #PatwariNews #HaryanaNews #VillageNews #RevenueDepartment #BreakingNews #LocalNews #FarmersIssue #BahalNews



