google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के पालीगंज में ‘प्रखंड सहयोग शिविर’ में नहीं पहुंचे लाभार्थी

प्रचार के अभाव में रही मायूसी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार सरकार के ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ संकल्प के तहत बुधवार को जिले के पालीगंज प्रखण्ड स्थित लालगंज सेहरा हाई स्कूल में आयोजित ‘प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर’ फीका रहा। केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में अपेक्षित लाभुक नहीं पहुंचे, जिससे शिविर में सन्नाटा पसरा रहा। शिविर के सफल आयोजन के लिए जो सक्रियता दिखनी चाहिए थी, वह नदारद रही। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शिविर के आयोजन की कोई पूर्व सूचना नहीं थी। स्कूल परिसर में भीड़ देखकर जब वे वहां पहुंचे, तब उन्हें कार्यक्रम के बारे में पता चला। कार्यक्रम के प्रति लोगों की बेरुखी का मुख्य कारण प्रचार-प्रसार का अभाव माना जा रहा है। वहीं, भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप ने भी लोगों को घरों से बाहर नही निकलने पर मजबूर कर दिया, जिसका असर शिविर में आने वाली भीड़ पर स्पष्ट रूप से दिखा।

शिविर की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उत्तम कुमार ने इसे महज एक ‘खानापूर्ति’ करार दिया। स्थानीय निवासी नवल किशोर और गोपाल प्रसाद ने कहा कि सरकार की मंशा तो अच्छी है कि आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता के कारण आम जनता तक इसकी जानकारी ही नहीं पहुँची। भीड़ कम होने के बावजूद शिविर में अधिकारियों की टीम पूरी तत्परता के साथ मौजूद रही। इसमें पालीगंज के डीसीएलआर जनक कुमार, अंचलाधिकारी महेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिजली विभाग के कनीय अभियंता रंजीत कुमार सहित स्वास्थ्य, जनवितरण और जीविका विभाग के कर्मी उपस्थित थे। शिविर में मुख्य रूप से नाली की सफाई, बिजली ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (10 आवेदन), आवास योजना (01 आवेदन) और जमीन से संबंधित कुल 06 आवेदन ही प्राप्त हो सके। अधिकारियों ने आए हुए आवेदनों को दर्ज कर समाधान का आश्वासन दिया है, लेकिन आयोजन की विफलता प्रशासनिक तंत्र की लचर कार्यप्रणाली को दर्शाती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)