31 विभूतियों को किया गया सम्मानित, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मिशन-2027 के लिए संगठन विस्तार और जनजागरण का किया आह्वान
नई दिल्ली, समाज जागरण। देश की राजधानी दिल्ली में भारतीय अपना समाज पार्टी एवं पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के संयुक्त नेतृत्व में ‘पूर्वांचल कर्मयोगी शिखर सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी राजन सिंह सूर्यवंशी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 31 विभूतियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन सिंह सूर्यवंशी रहे। विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सिंह, राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुनाथ उपाध्याय, भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुग्रीव मौर्य तथा मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं अधिवक्ता डॉ. राजेश श्रीवास्तव शामिल रहे। कार्यक्रम के आयोजक एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम बहाल चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया और समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्मान समारोह समाज के कर्मयोगियों के योगदान को पहचानने का माध्यम
अपने संबोधन में राजन सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि सम्मान समारोह महज पुरस्कार देने का आयोजन नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित लोगों के संघर्ष, परिश्रम और योगदान को पहचान देने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारतीय अपना समाज पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान कल्याण, सामाजिक समानता और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीति जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की नहीं, बल्कि गरीबों, शोषितों, वंचितों और समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार एवं सम्मान दिलाने की है। सामाजिक न्याय और सर्वसमाज की भागीदारी ही संगठन का मूल उद्देश्य है।
मिशन-2027 के लिए संगठन विस्तार पर जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मिशन-2027 को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और जनजागरण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचना होगा।
31 विभूतियों को मिला सम्मान
समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. राजेश श्रीवास्तव, अजय बंसल, डॉ. विजय पुजारी, सपना खोडियार, पूनम सिंह, सुग्रीव मौर्य, दुर्गा प्रसाद दुबे, राजन सिंह श्रीनेत, भारत सिंह, संजय पांडेय, रघुनाथ उपाध्याय, ज्ञान तिवारी, चरणजीत सिंह, प्रवीण त्रिपाठी, निगम पांडेय और राहुल सिंह सहित कुल 31 विभूतियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय अपना समाज पार्टी की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यक्रमों की सराहना की। साथ ही लोगों से संगठन से जुड़कर सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सिंह ने किया। समारोह के अंत में आयोजक राम बहाल चौधरी ने मुख्य अतिथि राजन सिंह सूर्यवंशी सहित सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह ने कर्मयोगियों के सम्मान, सामाजिक उत्थान और जनसेवा के संकल्प का संदेश दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



