नोएडा: 26 जनवरी 2026, सोमवार को भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्री अजय अग्रवाल (आई.सी.ओ.ए.एस.), श्री डॉ. दिनेश (कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ), श्री बी. के. गुप्ता (सदस्य, विद्यालय प्रबंध समिति), श्रीमती शेयरिल कपूर (प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया), श्री के. सी. शर्मा (उपाध्यक्ष, विद्यालय प्रबंध समिति), श्री रजनीश नारंग (पूर्व प्रबंधक), श्री कपिल त्यागी व अन्य गणमान्य अतिथियों तथा प्रधानाचार्य श्री सोमगिरि गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रध्वज फहराकर राष्ट्रगान के साथ किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्राओं ने डम्बल और लेजियम नृत्य के माध्यम से अपनी शारीरिक क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्रा भारती तोमर ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर हिंदी उद्बोधन दिया। विद्यार्थियों ने योग प्रस्तुति और विद्या भारती के पंच परिवर्तन पर आधारित सामूहिक गीत प्रस्तुत किया। छात्रा जाह्नवी ने अंग्रेजी में मंत्र-मुग्ध कर देने वाला उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में ब्रज के झूला उत्सव को जीवंत करने वाला लोकनृत्य “सावन आयो री” भी प्रदर्शित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री अजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास पर ध्यान देना आवश्यक है। वरिष्ठ प्रचारक डॉ. दिनेश ने वेदों और महापुरुषों के उदाहरणों के माध्यम से बताया कि व्यक्ति से राष्ट्र का निर्माण होता है और विद्या भारती नियमित रूप से ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में श्री बी. के. गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी का आभार व्यक्त किया और विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। मंच संचालन छात्राओं भारती, निशा और आशना ने किया। कार्यक्रम का समापन “वन्दे मातरम्” के साथ हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



