(मन्नू शर्मा पराशर दैनिक समाज जागरण चीफ ब्यूरो पंजाब)
जैतो,8 मार्च : फैडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (एफआईसीएम) की कार्यकारिणी समिति की हैदराबाद में हुई बैठक में एक अहम फैसला लेते हुए संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमित कपूर को उत्तर भारत का क्षेत्रीय समन्वयक (नॉर्थ इंडिया कोऑर्डिनेटर) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति सर्वसम्मति से की गई है जिसको व्यापार जगत के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
एफआईसीएम मुख्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर से आए पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। विस्तृत चर्चा के बाद सभी सदस्यों ने एकमत से अमित कपूर जो पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष भी हैं, के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया। संगठन के पदाधिकारियों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से उत्तर भारत में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उत्तर भारत के क्षेत्रीय समन्वयक के रूप में अमित कपूर की प्रमुख जिम्मेदारियों में उत्तर भारत के सभी राज्यों में एफआईसीएम की गतिविधियों का समन्वय करना, व्यापारियों की समस्याओं को संगठन के मंच पर प्रभावी ढंग से उठाना, विभिन्न राज्यों के व्यापार मंडलों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा केंद्र और राज्य सरकारों के समक्ष व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखना शामिल रहेगा। इसके अलावा संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा।इस नियुक्ति पर विभिन्न व्यापार संगठनों और उद्योग जगत की हस्तियों ने अमित कपूर को बधाई दी है। वरिष्ठ व्यापारियों का कहना है कि कपूर के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से उत्तर भारत के व्यापारियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
उनकी नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और व्यापारिक समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।
अपनी नियुक्ति पर अमित कपूर ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि एफआईसीएम जैसे प्रतिष्ठित संगठन ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि वह उत्तर भारत के सभी व्यापारियों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे।एफआईसीएम के प्रवक्ता ने बताया कि अमित कपूर की नियुक्ति से उत्तर भारत में संगठन की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। उनके अनुभव और सक्रिय दृष्टिकोण से क्षेत्रीय स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा और विभिन्न राज्यों के व्यापार मंडलों के बीच समन्वय भी बेहतर बनेगा।
उन्होंने बताया कि अमित कपूर जल्द ही उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों का दौरा कर स्थानीय व्यापार मंडलों के साथ बैठकें करेंगे और व्यापारियों की समस्याओं को समझेंगे। इसके साथ ही आने वाले समय में एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसके तहत उत्तर भारत में व्यापार को बढ़ावा देने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।फैडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल (रजि )के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील पोदार अमित कपूर बठिंडा को नॉर्थ इंडिया ऑर्डिनेटर की नियुक्ति पत्र सौंपते हुए व अन्य अमित कपूर।



