पथ निर्माण विभाग सख्त, जर्जर पुलों की होगी तत्काल मरम्मत, लापरवाही पर अफसरों पर कार्रवाई तय
समाज जागरण ब्यूरो पटना, 09 मई 2026। बिहार सरकार ने राज्य में पुलों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पथ निर्माण विभाग ने राज्य के सभी बड़े और पुराने पुलों का सघन सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्देश जारी किया है। विभागीय सचिव पंकज कुमार पाल ने अधिकारियों को 72 घंटे के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट पीएमआईएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।

पटना में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, बिहार राज्य सड़क विकास निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग विंग के अधिकारियों के साथ पुलों की मौजूदा स्थिति और मानसून से पहले सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 60 मीटर से अधिक लंबाई वाले सभी पुलों की तकनीकी जांच होगी। जांच के दौरान पुलों के बेयरिंग, गर्डर, स्पैन स्लैब, पाइल, ज्वाइंट, अप्रोच रोड और ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा।
सचिव पंकज कुमार पाल ने स्पष्ट कहा कि पुलों की सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जर्जर पुलों की मरम्मत तत्काल शुरू की जाए ताकि मानसून के दौरान किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी पुल में लापरवाही के कारण नुकसान होता है तो संबंधित कार्यपालक अभियंता के साथ मुख्यालय स्तर के अधिकारी भी जिम्मेदार माने जाएंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का कहना है कि राज्य में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



