वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज। सशक्त पंचायती राज व्यवस्था और समृद्ध बिहार के निर्माण के उद्देश्य से बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से सोमवार को शहर के खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में ‘समन्वय सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, किसानों, महिला समूहों, सहकारी समितियों, ग्रामीण उद्यमियों, बैंक अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक कन्हैया कुमार झा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, पंचायतों के साथ बेहतर समन्वय तथा सरकारी और बैंकिंग योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक कन्हैया कुमार झा ने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायतों और ग्रामीण संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक किसानों, ग्रामीण उद्यमियों, महिला समूहों और जरूरतमंद लोगों के लिए सस्ती दरों पर ऋण सहित विभिन्न बैंकिंग योजनाएं संचालित कर रहा है। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना बैंक की प्राथमिकता है।
उन्होंने बैंकिंग सुविधाओं से अब तक वंचित लोगों से बैंक से जुड़ने और उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही जनप्रतिनिधियों और ग्राहकों से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
सम्मेलन के दौरान शामिल जनप्रतिनिधियों और ग्राहकों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बैंक और पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा आम लोगों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



