Biharnews: आगलगी में पचास बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर खाक, किसानों को लाखों का नुकसान




दैनिक समाज जागरण
अनील कुमार, संवाददाता – नबीनगर (औरंगाबाद, बिहार)

नबीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र अंतर्गत जयहिंद तेंदुआ गांव में सोमवार सुबह भीषण आगलगी की घटना में 50 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते खेतों में लहलहा रही पूरी फसल को चपेट में ले लिया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना जयहिंद तेंदुआ गांव के आहर के समीप खेतों में हुई। किसान विंध्याचल प्रसाद सिंह ने बताया कि खेतों में तैयार खड़ी फसल आग की लपटों में समा गई और बचाव का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

वहीं 112 डायल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

कई किसानों की फसल हुई नष्ट
आगलगी में सिर्फ विंध्याचल सिंह ही नहीं, बल्कि
अजय सिंह, विनोद सिंह, रविन्द्र सिंह, धनंजय सिंह, गुगन सिंह सहित कई किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि खेतों के साथ-साथ खलिहान में रखा चना, मोटर का पाइप, पशुओं के लिए रखा पुआल भी जलकर राख हो गया।

इसके अलावा वन विभाग द्वारा लगाए गए दर्जनों पेड़ भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए।

किसानों ने प्रशासन से मांगा मुआवजा
इस भीषण अग्निकांड से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि उनकी आर्थिक क्षति की भरपाई हो सके।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)