पटना सिटी में जगन्नाथ रथयात्रा
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ ऐतिहासिक पटना सिटी में भगवान जगन्नाथ की भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां के मंदिरों में रथयात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं एक अनोखी परंपरा के तहत भगवान जगन्नाथ इस समय अस्वस्थ हैं और भक्त उन्हें आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाकर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। मच्छरहट्टा की गोपीनाथ गली स्थित 131 वर्ष पुराने जगन्नाथ मंदिर में 111 वर्षों से रथयात्रा की परंपरा चली आ रही है। मंदिर के पुजारी आचार्य पंडित रामानंद पांडे ने बताया कि 16 जुलाई को आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वितीया के दिन वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथ पर विराजमान कर भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।

यह यात्रा लल्लू बाबू के कुंचा तक जाएगी, जहां भगवान 13 दिनों तक प्रवास करेंगे। इसके बाद 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन भगवान की वापसी होगी। दूसरी ओर, दीवान मुहल्ला नौजर घाट स्थित 216 वर्ष प्राचीन जगन्नाथ बाड़ी मंदिर में भी उत्साह का माहौल है। महाराज कुंवर रूप नारायण सिंह ट्रस्ट के सचिव संजय कुमार सिन्हा व कमल नयन श्रीवास्तव ने बताया कि 1810 में महाराज कल्याण सिंह के परिवार द्वारा स्थापित यह मंदिर अपनी ऐतिहासिक भव्यता के लिए जाना जाता है। यहां 26 जुलाई को भगवान की नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो गायघाट स्थित चैतन्य मंदिर होते हुए वापस लौटेगी। इस अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन भी होगा, जिसमें प्रमोद भागवत स्वामी जी महाराज शामिल होंगे। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ पूर्णिमा (29 जून) को हुए विशेष स्नान के बाद से ही भगवान जगन्नाथ अस्वस्थ हैं। इस दौरान मंदिर के कपाट भक्तों के लिए बंद कर दिए गए हैं। परंपरा के अनुसार, वैष्णव संप्रदाय के भक्त बीमार भगवान को तुलसी और चिरैती का काढ़ा पिलाकर उनकी सेवा कर रहे हैं। आचार्यों के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल पक्ष एकम को भगवान पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे, जिसके अगले दिन 16 जुलाई को रथयात्रा का शुभारंभ होगा। स्वस्थ होने के बाद भगवान मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे। अमावस्या के दिन भगवान को खिचड़ी का पथ्य (हल्का भोजन) दिया जाएगा। पटना सिटी के इन प्राचीन मंदिरों में परंपरा और आस्था का यह समागम शहर की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



