google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बिहटा में पूर्व मुखिया संजय यादव की संदिग्ध मौत

छह पर नामजद प्राथमिकी, हत्या की साजिश का आरोप

पटना/ जिले के बिहटा स्थित राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पुत्र सोनल कुमार के आवेदन पर बिहटा थाना में छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजनों ने इसे पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया है। शुक्रवार सुबह राघोपुर गांव के बधार से शव बरामद होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था।

पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को पटना के दीघा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए। मृतक के पुत्र सोनल कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता के शरीर पर सुई के कई निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी प्रबल हो गई है। पुलिस अब इस बिंदु को जांच के केंद्र में रखकर वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल (FSL) रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

प्राथमिकी में अल्हनपुरा निवासी गुड्डू यादव, बिशनपुरा निवासी रविराज सिंह, बिहटा निवासी मनीष सिंह तथा राघोपुर निवासी करुणा शंकर मिश्रा, भोला मिश्रा और प्रभा शंकर मिश्रा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। परिजनों का आरोप है कि संजय यादव जमीन के कारोबार से भी जुड़े थे, जिसके कारण करोड़ों रुपये मूल्य की 52 कट्ठा जमीन को लेकर उनका कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। सोनल के अनुसार, उनके पिता को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार देर शाम पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती, पूर्व विधायक अनिल सिंह, मनेर विधायक भाई वीरेंद्र यादव और मंत्री रामकृपाल यादव के पुत्र अभिमन्यु यादव ने राघोपुर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान सांसद मीसा भारती ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)