google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बिरसानगर पीएम आवास लाभार्थियों ने विधायक सरयू राय का किया अभिनंदन, 19 जून को मिलेगी फ्लैट की चाबी

दैनिक समाज जागरण 15.06.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) के लाभार्थियों ने सोमवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का उनके बिष्टुपुर स्थित आवास पर अभिनंदन किया। लाभार्थियों ने पुष्पगुच्छ, शॉल एवं मिठाई देकर उनका स्वागत किया तथा लंबे समय से लंबित आवास आवंटन प्रक्रिया को अंतिम चरण तक पहुंचाने में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। यह अभिनंदन एवं धन्यवाद समारोह उस घोषणा के बाद आयोजित किया गया, जिसमें नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रविवार को 19 जून को लाभार्थियों को उनके फ्लैट की चाबी सौंपे जाने की जानकारी दी थी।


अपराह्न करीब ढाई बजे से ही बड़ी संख्या में लाभार्थी सरयू राय के आवास पर जुटने लगे थे। इस दौरान लोगों के बीच आवास के लिए चले लंबे संघर्ष की चर्चा होती रही। लाभार्थियों ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में विधायक सरयू राय लगातार उनके साथ खड़े रहे और उनकी समस्याओं को सरकार तथा संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाया। लोगों ने कहा कि यदि विधायक ने उनकी लड़ाई नहीं लड़ी होती तो संभव है कि उन्हें आज भी अपने आवास का अधिकार नहीं मिल पाता।


समारोह में उपस्थित लाभार्थियों ने विधायक के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों के इंतजार और संघर्ष के बाद अब उन्हें अपने घर का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 19 जून को चाबी मिलने के बाद उनके जीवन में एक नया अध्याय शुरू होगा।


इस अवसर पर सरयू राय ने कहा कि यह दिन केवल लाभार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके लिए भी विशेष खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि 19 जून को सभी पात्र लाभार्थियों को उनके फ्लैट की चाबी सौंप दी जाएगी। उन्होंने लाभार्थियों के धैर्य और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक प्रतीक्षा करना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा और अपने अधिकार के लिए लगातार संघर्ष किया।


उन्होंने कहा कि जब लाभार्थी फ्लैटों में रहना शुरू करेंगे तो शुरुआती दौर में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि अभी तक वहां कोई रह नहीं रहा है और कुछ आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य शेष हैं। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों के वहां बसने के बाद इन कार्यों को और बेहतर तरीके से पूरा कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि निवासी स्वयं कार्यों की निगरानी करेंगे तो गुणवत्ता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।


सरयू राय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत यह परियोजना वर्ष 2019 में शुरू हुई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इसमें काफी विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी मिल रही है, जो निश्चित रूप से देरी से हुआ कार्य है, लेकिन अंततः लोगों को उनका अधिकार मिल रहा है। उन्होंने कहा, “देर आयद, दुरुस्त आयद” की कहावत इस अवसर पर बिल्कुल सटीक बैठती है।


विधायक ने बताया कि वह तीन दिन पहले स्वयं फ्लैटों का निरीक्षण कर लौटे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश फ्लैट अच्छी गुणवत्ता के बने हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर मामूली दरारें दिखाई दी हैं, जो संभवतः निर्माण में काली ईंटों के उपयोग के कारण हुई होंगी। उन्होंने कहा कि इन कमियों को भी दूर कराया जाएगा ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सरयू राय ने जानकारी दी कि सरकारी स्तर पर फ्लैटों को लाभार्थियों के हवाले करने का आदेश जारी हो चुका है और संबंधित विभाग तेजी से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग के लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का भी आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम में नीरज सिंह, सुधीर सिंह, बीरेंद्र सिंह, सन्नी सिंह, कुंअर अतुल सिंह, संजय सिंह, आदित्य मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)