दैनिक समाज जागरण 15.06.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
पोटका: रजो संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक हरिणा मेला के शुभारंभ पर सोमवार को पोटका विधायक संजीव सरदार सपरिवार हरिणा स्थित मुक्तेश्वरधाम पहुंचे। यहां उन्होंने बुढ़ा बाबा के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने मेला परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।
मेला परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि रजो संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाला हरिणा मेला कोल्हान क्षेत्र के सबसे प्राचीन, ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मेलों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर बुढ़ा बाबा के दर्शन करते हैं और अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं।
विधायक ने कहा कि उन्होंने बुढ़ा बाबा से पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा की कृपा से क्षेत्र में विकास, खुशहाली और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहेगा।
मेला के अवसर पर विधायक संजीव सरदार के सौजन्य से श्रद्धालुओं एवं पातभोक्ताओं के बीच चना-गुड़ और शरबत का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच इस सेवा कार्य को श्रद्धालुओं ने काफी सराहा। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और व्यवस्था के लिए विधायक एवं उनके सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। दिनभर मेला परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और भक्तों ने बुढ़ा बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मेला समिति के पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से एक ही लाइन से भेजा जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने पर जोर दिया।
इसके अलावा विधायक ने पूरे मेला क्षेत्र में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन तथा मेला समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हरिणा मुक्तेश्वरधाम आज कोल्हान ही नहीं बल्कि झारखंड के विभिन्न जिलों तथा पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए यहां की आधारभूत सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि हरिणा मुक्तेश्वरधाम को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। यहां निर्माणाधीन बायो डायवर्सिटी पार्क और मंदिर सौंदर्यीकरण परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बहुत जल्द इन विकास कार्यों का उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री के हाथों कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक लाभ के अवसर भी प्राप्त होंगे।
हरिणा मेला के शुभारंभ अवसर पर धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और विकास की भावना का सुंदर संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं के उत्साह और जनसहभागिता ने मेले की भव्यता को और बढ़ा दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



