google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा और निराधार धाराएं हटाने की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

दैनिक समाज जागरण 09.07.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा, निराधार धाराओं को हटाने तथा शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से मिला। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि शहर में लगातार बढ़ रहे अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा बिष्टुपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 3 जुलाई को लोकतांत्रिक और पूर्णतः शांतिपूर्ण तरीके से जमशेदपुर बंद का आह्वान किया था। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस बंद को शहर के व्यापारियों, आम नागरिकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ था और शहर के अधिकांश प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि बंद का उद्देश्य शहर में बढ़ते अपराधों के खिलाफ जनभावनाओं को लोकतांत्रिक तरीके से अभिव्यक्त करना तथा प्रशासन का ध्यान कानून-व्यवस्था की ओर आकर्षित करना था। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों के बीच सुरक्षा का माहौल स्थापित करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि बंद के उपरांत जमशेदपुर अक्षेस के एक पदाधिकारी की शिकायत के आधार पर टेल्को थाना में टेल्को मंडल अध्यक्ष, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष, पूर्व जिला पदाधिकारी सहित 18 भाजपा नेताओं एवं अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि प्राथमिकी में लगाए गए गंभीर आरोप तथ्यों से परे तथा पूरी तरह निराधार हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बंद के दौरान ऐसी किसी भी घटना की जानकारी न तो प्रशासनिक स्तर पर सामने आई और न ही किसी मीडिया रिपोर्ट में उसका उल्लेख किया गया। ऐसे में मामले की निष्पक्ष, वस्तुनिष्ठ और तथ्यपरक जांच आवश्यक है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और निर्दोष लोगों को अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से राहत मिल सके।

मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान सम्मत शांतिपूर्ण जनआंदोलनों में विश्वास रखने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा तथा शहर में लगातार बढ़ते अपराधों के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना किसी भी नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्भावनावश भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का प्रयास किया गया है। संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार की हिंसा, अराजकता अथवा कानून को हाथ में लेने का समर्थन नहीं करती और पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर जनहित के मुद्दों को उठाती रही है।

उन्होंने मांग की कि टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा करते हुए निराधार धाराओं को हटाया जाए और निर्दोष लोगों को न्याय प्रदान किया जाए। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वरीय पुलिस अधीक्षक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित निर्णय लेंगे।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा।

एसएसपी से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, सुधांशु ओझा, जिला पदाधिकारी संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा, राजीव सिंह, तन्मय झा, रीना चौधरी, संजीत चौरसिया और प्रेम झा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)