समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना कॉलेज घाट के पास गंगा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव तैरता देख घाट पर मौजूद छात्रों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास है।
शव की तलाशी लेने पर उसके पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे पहचान तत्काल संभव नहीं हो सकी। मृतक ने शरीर पर हाफ टी-शर्ट पहन रखी थी और उसके गले में एक माला थी। फिलहाल, शिनाख्त के लिए पुलिस ने मृतक की तस्वीर आसपास के सभी थानों को भेज दी है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।पीरबहोर थाना प्रभारी सज्जाद गद्दी ने बताया कि पुलिस ने यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा की प्राथमिक तौर पर मौत का कारण डूबना प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। शिनाख्त होने के बाद परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस हुलिये के व्यक्ति की जानकारी हो, तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



