समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में एक 27 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मुशेपुर स्थित नारायणपुर गांव निवासी शंकर राय के पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, विकास रविवार सुबह किसी काम से बिहटा बाजार गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। देर रात पुलिस को बिहटा बाजार के समीप एक सिनेमा हॉल के पीछे सुनसान इलाके में शव होने की सूचना मिली। मृतक के पिता और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि विकास को मारकर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को झाड़ियों में फेंका गया है। उन्होंने पुलिस से न्याय और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में युवक के पास मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा की परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं, जिसमें हत्या और दुर्घटना शामिल हैं, की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



