समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ के बेऊर इलाके में दो दिनो से लापता एक बैंक मैनेजर की शव एक कुएं से बरामद की गई। मृतक की पहचान अभिषेक वरुण के रूप में हुई है, जो आईसीआईसीआई लोम्बार्ड में बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वे पटना के मलाहीपकड़ी इलाके के निवासी थे और पिछले दो दिनों से लापता थे। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक रविवार को अपने परिवार के साथ एक दोस्त की शादी की सालगिरह की पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी के बाद उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को पहले घर भेज दिया और खुद अपने दोस्त के साथ लौटने की बात कही। पत्नी के अनुसार, रात लगभग 11 बजे अभिषेक का फोन आया और उन्होंने कहा कि उनका एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया और कोई संपर्क नहीं हो पाया।
अभिषेक की पत्नी ने पुलिस को यह भी बताया कि रात 3 बजे तक उनकी उनसे बातचीत होती रही। अंतिम बार उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उनका एक्सीडेंट हो गया है और वह जल्दी बताएंगे कि वे कहां हैं। लेकिन इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बेऊर इलाके के एक कुएं में किसी व्यक्ति की लाश तैर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान अभिषेक वरुण के रूप में की गई। घटनास्थल पर अभिषेक की चप्पल भी बरामद की गई जिससे पुष्टि हुई कि यह लाश उन्हीं की है। बेऊर थाना पुलिस के एडिशनल एसएचओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जैसे ही लापता होने की सूचना मिली थी, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। लगातार मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर अभिषेक की खोज की जा रही थी। लेकिन जब कुएं से लाश मिली, तब जाकर मामला साफ हो सका। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अभिषेक की मौत दुर्घटना से हुई है या इसमें किसी साजिश की भूमिका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल्स, पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ, और घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह मामला आत्महत्या है, हादसा है या किसी साजिश के तहत हत्या की गई है। अभिषेक की मौत की खबर सुनते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों की हालत अत्यंत खराब है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं क्योंकि अभिषेक एक मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। इस मामले में पुलिस अभी कोई अंतिम टिप्पणी नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ ठोस कहा जा सकेगा। इस बीच, अभिषेक के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन डेटा को खंगाला जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



