समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर गांव स्थित पानी टंकी के पास सोमवार की रात ईंटों से लदा ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चल रहा था और अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पलट गया और उस पर सवार ड्राइवर और एक सवार सड़क पर गिर गए। ट्रैक्टर के पलटने से उसमें लदा भारी डाला सीधे ट्रैक्टर सवार के ऊपर आ गिरा, जिससे वह बुरी तरह कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दृश्य इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी दहल उठे। हादसे के बाद वहां भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। उसने मौके की नजाकत को देखते हुए भाग निकलने में कामयाबी पा ली। सूचना मिलते ही नदी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया, जो धर्मेंद्र कुमार, पिता हरिलाल राय, निवासी बजरंगदल गली, कटरा बाजार, पटना सिटी बताए गए हैं। पुलिस ने मृत खलासी के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमॉर्टम के लिए एनएमसीएच (नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेज दिया है। थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है। साथ ही, ड्राइवर की तलाश भी जारी है। पुलिस ने मौके से पलटे हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। घटना के कारण जो यातायात बाधित हुआ था, उसे सामान्य करने में पुलिस ने तत्परता दिखाई और कुछ ही समय में ट्रैफिक व्यवस्था को दोबारा सुचारु कर दिया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को सहयोग प्रदान किया।



