बक्सर। आम आदमी पार्टी, बिहार की ओर से रविवार को बक्सर में “बिहार में भी केजरीवाल जनसंपर्क यात्रा” का आयोजन किया गया। इस जनसंपर्क यात्रा का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1 बजे बक्सर गोलंबर पर स्थित स्व. काली प्रसाद सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
इस पदयात्रा में प्रदेश भर से आए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की बदहाली पर जनता का ध्यान आकर्षित किया।

बक्सर जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि “आम आदमी पार्टी के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। लेकिन बिहार में वर्तमान सरकार की विफलता के कारण हालात चिंताजनक हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं राज्य में ‘जंगल राज-2’ की वापसी का संकेत दे रही हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी बिहार के लोगों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आ रही है।”
इस जनसंपर्क यात्रा का उद्देश्य आम लोगों से संवाद स्थापित करना, दिल्ली मॉडल की सफलता को साझा करना और बिहार में एक सशक्त विकल्प प्रस्तुत करना है। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह जनता की भागीदारी से बिहार में बदलाव लाने को प्रतिबद्ध है।



