नोएडा। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में करियर एक्सप्रेस कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। सेक्टर-62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा और करियर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में बतौर वक्ता आदर्श पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक कोठियाल, शिक्षक गुलशन सिंह तथा आईएमएस नोएडा की डीन प्रोफेसर (डॉ.) नीलम सक्सेना ने छात्रों और युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। वक्ताओं ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, विषयों के सही चयन, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि सामुदायिक रेडियो का करियर एक्सप्रेस कार्यक्रम करियर मार्गदर्शन, शिक्षा और समुदाय के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई एक विशेष पहल है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा, साथ ही करियर के नए और उभरते अवसरों, शिक्षा व स्कॉलरशिप से जुड़ी जानकारी तथा सफल व्यक्तित्वों की प्रेरणादायक कहानियों से सीखने का मंच मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान अशोक कोठियाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार पाठ्यक्रम का चयन करना चाहिए। निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और अनुशासन ही छात्रों के जीवन में सफलता की कुंजी है। वहीं गुलशन सिंह ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर समय प्रबंधन, विषयों की गहन समझ और नियमित पुनरावृत्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सही रणनीति और सकारात्मक सोच के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
आईएमएस नोएडा की डीन प्रोफेसर (डॉ.) नीलम सक्सेना ने ग्रीन करियर की बढ़ती संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि सौर और पवन ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि जैसे क्षेत्रों में करियर के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि सौर इंजीनियर, एनर्जी ऑडिटर और पर्यावरण वैज्ञानिक जैसे करियर विकल्प वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को न केवल करियर से जुड़ी सही दिशा मिलेगी, बल्कि वे समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझ सकेंगे।
समाज जागरण के बारे मे अपना फीड बैक दें



