google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सरकारी अस्पताल में मरीज से अवैध वसूली के विरोध में बार काउंसिल का ज्ञापन

लखीमपुर-खीरी। समाज जागरण संवाददाता। कुलदीप सिंह

सरकारी जिला चिकित्सालय में मरीज से अवैध वसूली और सरकारी धनराशि के गबन के गंभीर आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश अधिवक्ता महासंघ ने बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन अजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में जिला अस्पताल के एक सर्जन एवं उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।

अजय कुमार शुक्ला ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में भर्ती मरीज के तीमारदार की बहन सौम्या शर्मा से पहले ऑपरेशन के नाम पर 12,500 रुपये की अवैध वसूली की गई, जबकि केवल 400 रुपये की रसीद दी गई। इसके बाद दूसरे ऑपरेशन के लिए 15,000 रुपये की मांग की गई। रुपये न देने पर मरीज और उसके तीमारदार को विभिन्न तरीकों से प्रताड़ित किया गया तथा अस्पताल से डिस्चार्ज करने की धमकी दी जाने लगी।

उन्होंने बताया कि मामले के उजागर होने पर अस्पताल प्रशासन द्वारा यह सफाई दी जा रही है कि ऑपरेशन की सामग्री उपलब्ध न होने के कारण तीमारदार से खर्च लिया गया। किंतु विवाद बढ़ने पर चिकित्सालय फंड से ही ऑपरेशन कराने की बात सामने आई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पहले ऑपरेशन में अवैध वसूली कर सरकारी फंड का दुरुपयोग किया गया। दूसरे ऑपरेशन में भी इसी प्रकार की तैयारी थी, जो मामला सार्वजनिक होने के कारण सफल नहीं हो सकी।

अजय कुमार शुक्ला ने आरोप लगाया कि चिकित्सालय प्रशासन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने और लीपापोती का प्रयास कर रहा है।

उत्तर प्रदेश अधिवक्ता महासंघ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सूर्यवंशी ने चेतावनी दी कि भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा गरीब और निराश्रित जनता का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शीघ्र दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता महासंघ व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)