google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बिहटा में पुलिस चेकिंग के दौरान कोहराम

अनियंत्रित कार ने ग्रामीणों को रौंदा, वाहन से भारी मात्रा में हथियार बरामद

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर गांव में सोमवार देर रात भीषण हादसा हो गया। पुलिस जांच से बचने के लिए भाग रही एक संदिग्ध कार ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद वाहन से हथियार मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, वीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर पुलिस सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी बीच एक सफेद रंग की संदिग्ध कार ने पुलिस को देख रफ्तार बढ़ा दी। भागने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब क्षतिग्रस्त वाहन की तलाशी ली, तो दंग रह गई। कार के अंदर से दो पिस्टल, 15 कारतूस और तीन मैगजीन बरामद किए गए हैं। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि कार सवार किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि बरामद हथियारों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। घटना के बाद से गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)