पटना के बिहटा में ₹171 करोड़ के MSME टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मंगलवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। पटना जिले के बिहटा (सिकंदरपुर) में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) प्रौद्योगिकी केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस अत्याधुनिक केंद्र का शुभारंभ किया।इस अवसर पर बिहटा के मुख्य केंद्र के साथ-साथ मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में भी नए विस्तार केंद्रों की शुरुआत की गई। उद्घाटन के बाद दोनों नेताओं ने परिसर में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मगही भाषा में संबोधित करते हुए बताया कि केंद्र और राज्य के साझा प्रयास से लगभग ₹200 करोड़ की लागत से इन केंद्रों को तैयार किया गया है। अकेले बिहटा केंद्र ₹171 करोड़ की लागत से 15 एकड़ में फैला है, जो राज्य का सबसे बड़ा सेंटर है। यह केंद्र राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति हब योजना के तहत स्थापित है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से SC/ST वर्ग के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और संसाधन देकर उद्यमी बनाना है।
सरकारी नियमों के तहत केंद्रीय उपक्रमों को अपनी खरीद का 4% हिस्सा इन्हीं वर्गों के उद्यमियों से लेना अनिवार्य है, जिसके लिए यह केंद्र उन्हें तैयार करेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा, जिससे युवाओं का दूसरे राज्यों में पलायन रुकेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, ये केंद्र बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले लघु उद्योगों को मजबूती प्रदान करेंगे और नए स्टार्टअप्स के लिए मार्ग प्रशस्त करेंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



