google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

उदयीमान सूर्य के अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व

पटना के उलार्क सूर्य मंदिर में उमड़ी पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ सोमवार को उगते हुए सूर्य (उदयीमान सूर्य) को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महान पर्व कार्तिक छठ शांतिपूर्ण और धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। इस पावन अवसर पर पटना जिले के दुल्हिन बाजार प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत स्थित अति प्राचीन, प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक ओलार्क सूर्य मंदिर (उलार धाम) में अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहाँ देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पांच लाख से अधिक छठव्रतियों ने मंदिर परिसर के चमत्कारी ऐतिहासिक तालाब में आस्था की डुबकी लगाई और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।


तालाब में स्नान और अर्घ्यदान के पश्चात व्रतियों ने ऐतिहासिक मंदिर के गर्भगृह में स्थापित भगवान भास्कर की प्राचीन प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके साथ ही महिलाओं और अन्य व्रतियों ने अपने 36 घंटे के निर्जला और कठिन उपवास का पारण किया। भगवान सूर्यदेव के जयकारों और छठी मईया के पारंपरिक गीतों के बीच व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और पूर्ण श्रद्धा व खुशी के साथ अपने-अपने घरों की ओर प्रस्थान किया। इस विशाल धार्मिक मेले और महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।

जुटने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। तालाब के चारों और मुख्य सड़कों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के तहत बैरिकेडिंग, उच्चस्तरीय लाइटिंग, एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल आपूर्ति, स्थायी व अस्थायी शौचालय और महिला पुलिस बल समेत भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।

इसके अतिरिक्त, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही थी। पूरे अनुष्ठान के दौरान पालीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार, एसडीपीओ-1 राजीवचंद्र सिंह, एसडीपीओ-2 पंकज शर्मा, थानाध्यक्ष विकास कुमार, सोनू कुमार और प्रवीण कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे। साथ ही, उलार सूर्य मंदिर न्यास कमेटी के सदस्यों ने भी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में विशेष सहयोग प्रदान किया। मंदिर के मठाधीश एवं महंत श्री अवध बिहारी दास जी महाराज ने बताया कि इस वर्ष उलार धाम में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा।

उनके अनुसार, इस बार कार्तिक छठ पर पाँच लाख से अधिक छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने यहाँ पहुंचकर भगवान भास्कर की आराधना की और मन्नतें मांगी। इस भव्य आयोजन से एक बार फिर उलार धाम की महिमा पूरे देश में और अधिक प्रखर होकर सामने आई है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)