google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

छठ के बाद घर लौटने वालों की उमड़ी भीड़, चोपन बस स्टैंड पर बसों के लिए परेशान हुए यात्री

बसों की अनियमित उपलब्धता और क्षमता से अधिक भीड़ ने बढ़ाई मुश्किलें, अतिरिक्त बसें चलाने की मांग

समाज जागरण / मनोज कुमार चौबे

चोपन/सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ के संपन्न होने के बाद अब लोग अपने कामकाज और रोजी-रोजगार के लिए दूसरे शहरों में स्थित अपनी कर्मस्थली की ओर लौटने लगे हैं। इसके चलते चोपन बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बसों की समय पर उपलब्धता नहीं होने और उनमें क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार को चोपन बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ का ऐसा ही नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों का इंतजार करते नजर आए। काफी देर बाद जब बसें पहुंचीं तो उनमें पहले से ही यात्रियों की भारी भीड़ थी। ऐसे में यात्रियों के सामने बस में जगह पाने की चुनौती खड़ी हो गई। परिवार और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले लोगों को भी विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ी।

समय से कार्यस्थली पहुंचने की चिंता

छठ महापर्व पर अपने घर आए नौकरीपेशा लोग, मजदूर और अन्य कामगार अब समय से अपनी कार्यस्थली पहुंचने की चिंता में हैं। त्योहार समाप्त होने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के लौटने से बसों पर दबाव बढ़ गया है। यात्रियों का कहना है कि बसों की कमी और अनियमित संचालन के कारण सफर करना मुश्किल हो रहा है।

अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की मांग

स्थानीय स्तर पर अनुमान जताया जा रहा है कि अगले दो दिनों तक चोपन बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ और बसों में जगह पाने के लिए मारामारी की स्थिति बनी रह सकती है। यात्रियों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि त्योहार के बाद बढ़ी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन कराया जाए, ताकि लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिल सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)