झिलमिल रोशनी से जगमगाया छठ घाट, भजन संध्या में नंदन-चंदन की टीम ने बांधा समां; पुलिस अधीक्षक सपरिवार रहे मौजूद
समाज जागरण | मनोज कुमार चौबे
चोपन (सोनभद्र)। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चोपन में हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। सोन नदी के तट पर बने छठ घाट का भव्य और अलौकिक नजारा श्रद्धालुओं के मन को मोहता रहा। चार दिनों की कठिन पूजा और लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद जैसे ही पहाड़ों के बीच से भगवान सूर्य की लालिमा दिखाई दी, पूरा घाट सूर्य उपासना और छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा।
संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना लेकर व्रती महिलाओं ने उदित भगवान भास्कर को गाय के दूध और पवित्र जल से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद परिजनों के साथ सामूहिक रूप से हवन-पूजन किया और व्रत का पारण किया। इस दौरान घाट पर श्रद्धा का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसमें हर उम्र और वर्ग के लोग अपनी आस्था के साथ शामिल नजर आए।
दंडवत करते हुए घाट पहुंचे श्रद्धालु, लोगों ने खुद संभाली सफाई की जिम्मेदारी
छठ महापर्व के अवसर पर कुछ श्रद्धालु दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई में सहयोग किया। छोटे-बड़े सभी लोग सेवा और समर्पण के भाव से जुटे दिखाई दिए।
सोन नदी के तट पर पूरे छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रातभर रंग-बिरंगी झालरों और हाईमास्ट लाइटों की रोशनी से घाट जगमगाता रहा। सोन नदी की लहरों पर पड़ती रोशनी ने पूरे वातावरण को बेहद मनमोहक बना दिया। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उदीयमान सूर्य के इंतजार में श्रद्धालुओं की पूरी रात कब गुजर गई, इसका किसी को एहसास तक नहीं हुआ।
नंदन-चंदन की भजन मंडली ने बांधा समां
छठ महापर्व के दौरान पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध कलाकार नंदन-चंदन की पूरी टीम ने अपने भक्ति गीतों और भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरी रात भक्ति संगीत की धारा बहती रही और श्रद्धालु छठी मैया की आराधना में लीन रहे।
छठ घाट पर बनाई गई आकर्षक रंगोली और ‘आई लव चोपन’ की सजावट लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क दूध और चाय की व्यवस्था की गई थी।
नगर पंचायत कर्मचारियों ने सजाया घाट
छठ घाट को भव्य स्वरूप देने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए आदर्श नगर पंचायत चोपन के कर्मचारियों ने अथक मेहनत की। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट सहित अन्य व्यवस्थाओं में नगर पंचायत की टीम लगातार जुटी रही।
कार्यक्रम के समापन पर आदर्श नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने छठ महापर्व में शामिल होने पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक सपरिवार पहुंचे छठ घाट
छठ महापर्व के अवसर पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सक्रिय रहा। पुलिस अधीक्षक सपरिवार छठ घाट पर मौजूद रहे। इस अवसर पर ओबरा के एसडीएम, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजा मिश्रा, दयाशंकर सिंह, नवल किशोर चौबे, अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह, रजनीकांत सिंह, डॉ. बृजेश सिंह, बिंदू पांडेय, दिनेश पांडेय, अमित सिंह, सुनील सिंह, प्रदीप अग्रवाल, पिंटू मिश्रा, मनीष प्रताप सिंह, रोहित बिंद, धर्मेंद्र जायसवाल, सलीम कुरैशी, अनिकेत रावत, सुशील निषाद, नागेंद्र यादव, पिंटू जायसवाल और रामपरिखा विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सभासद दिव्य विकास सिंह ने किया। छठ महापर्व के सफल समापन के साथ ही चोपन में श्रद्धा, सेवा, सामाजिक एकता और लोक संस्कृति की सुंदर तस्वीर देखने को मिली।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




