समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
ओबरा/सोनभद्र। भारत सरकार के “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), इकाई ओबरा द्वारा दिनांक 09.08.2026 को एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया।
बाइक रैली को केऔसुब इकाई ओटीएचपीपी ओबरा के इकाई प्रभारी सतीश कुमार सिंह कमांडेंट के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर इकाई प्रभारी के नेतृत्व में सीआईएसएफ के अधिकारीगण एवं बल सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बाइक रैली केऔसुब कैंप ओबरा से प्रारंभ होकर संपूर्ण ओबरा नगर होते हुए वापस केऔसुब कैंप ओबरा पर समाप्त हुई। रैली में शामिल सीआईएसएफ कर्मियों ने अपने वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाकर तथा देशभक्ति के नारों के माध्यम से आमजन को “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया।
इस अवसर पर कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने कहा कि “तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने गौरव और जिम्मेदारी से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। हम सभी को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।”
सीआईएसएफ इकाई ओबरा द्वारा आयोजित इस बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना तथा नागरिकों को “हर घर तिरंगा” अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं बल सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। रैली का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



