google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में योजनाओं की व्यापक समीक्षा

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज: जिले के समग्र विकास एवं विभिन्न केंद्रीय-राज्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर दिशा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने की। बैठक में उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की उपस्थिति रही।


बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आईसीडीएस, बुडको, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, खनन विभाग, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण, विद्युत विभाग, जिला योजना, नगर निकाय, पीएचईडी (नल-जल योजना), पथ निर्माण विभाग, बीसीडी, राजस्व विभाग, लघु सिंचाई प्रमंडल, सहकारिता विभाग तथा अल्पसंख्यक विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।


जनप्रतिनिधियों ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख समस्याएं रखीं। जर्जर सड़कों की मरम्मत, टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी, दोषी एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने तथा जांच कर कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।


आईसीडीएस पोठिया से संबंधित शिकायतों की जांच, किशनगंज में निगरानी विभाग की कार्रवाई, छतरगाछ में निर्माणाधीन अस्पताल में प्रयुक्त बालू की गुणवत्ता जांच, नशा एवं कैंसर से बचाव हेतु जन-जागरूकता, अल्पसंख्यक छात्रावासों के रखरखाव तथा बिना मान्यता के सीबीएसई/आईसीएसई विद्यालयों की जांच जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।


सांसद ने दिए आवश्यक निर्देश
डॉ. मोहम्मद जावेद ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में व्यापक कार्य हुए हैं, अतः किसी भी प्रकार की अनियमितता से जिले की छवि प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आईसीडीएस पोठिया मामले पर उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए जांच की आवश्यकता बताई तथा इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखने हेतु विधायकों से आग्रह किया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में रिक्त चिकित्सक पदों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। टप्पू-दिघलबैंक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास निजी अस्पतालों द्वारा अवैध रेफरल की शिकायत पर जिला पदाधिकारी ने बताया कि आकस्मिक निरीक्षण हेतु टीम गठित कर जांच की जा रही है।


जिले में बढ़ते कैंसर मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रधान सचिव स्तर से जांच टीम भेजने की जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग एवं पीएचईडी की संयुक्त टीम गठित कर विभिन्न स्थानों से पेयजल के नमूने लेने का निर्देश दिया गया।
मंत्री ने गुणवत्ता व पारदर्शिता पर दिया जोर
डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि मानक के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।


आईसीडीएस की समीक्षा में उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में अब तक 86 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई है तथा सरकार की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है।
नल-जल योजना में पीले पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे में कारण स्पष्ट करने तथा एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विभिन्न विभागों में स्थलीय निरीक्षण, समयबद्ध सुधार एवं अभियंताओं से स्पष्टीकरण लेने की भी बात कही गई।


त्रैमासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित होगी
बैठक के समापन पर सांसद ने कहा कि दिशा की बैठक प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। जिले के औद्योगिक विकास, इंडस्ट्रियल हब में स्थानीय लोगों को रोजगार, भूमि के दुरुपयोग पर रोक एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए संतुलित कदम उठाने पर जोर दिया गया।


बैठक में मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रूकैया बेगम, सदर विधायक मो. कमरुल हूदा, ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल, कोचाधामन विधायक सरवर आलम, एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, विधायक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)