google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नीट पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों पर हत्या जैसी धाराओं में कार्रवाई की मांग

दैनिक समाज जागरण 21.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साकची आम बागान से रैली निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय तक मार्च किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।


प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों और अभिभावकों में भारी निराशा और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत और तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे छात्रों का भविष्य अधर में लटक जाता है और उन्हें दोबारा परीक्षा देने के लिए मजबूर होना पड़ता है।


परविंदर सिंह ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में अनियमितता देश की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का मानसिक संतुलन प्रभावित हो रहा है और कई छात्र अवसाद में जा रहे हैं। कुछ मामलों में छात्रों द्वारा आत्महत्या करने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जो बेहद चिंताजनक और दुखद है।


उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि हत्या के समान गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन लोगों की वजह से छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है, उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 जैसी कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार का अपराध करने की हिम्मत न कर सके।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो देश के युवाओं का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा। उन्होंने परीक्षा संचालन एजेंसियों की जवाबदेही तय करने तथा पेपर लीक रोकने के लिए तकनीकी और कानूनी स्तर पर मजबूत व्यवस्था लागू करने की मांग की।


रैली साकची आम बागान से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंची। वहां कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट परीक्षा पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा छात्रों के हित में परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित बनाने की मांग की गई।


प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा नेता और छात्र शामिल हुए। पूरे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)