कुलदीप सिंह | लखीमपुर खीरी।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा नेशनल हेराल्ड एवं यंग इंडियन मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दाखिल चार्जशीट को खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर बृहस्पतिवार को प्रदेशभर में भाजपा कार्यालयों पर प्रदर्शन किया गया।
इसी कड़ी में लखीमपुर खीरी में पूर्व सांसद रवि वर्मा एवं पूर्व कार्यवाहक जिला अध्यक्ष दीपक बाजपेई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक नोक-झोंक भी हुई।
इस दौरान दीपक बाजपेई एवं जिला महामंत्री देवेंद्र कुमार पंकज सहित कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर भाजपा कार्यालय तक पहुंचने में सफल रहे, जहां उन्होंने पार्टी का झंडा फहराकर विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्यायपालिका के फैसले से सच्चाई सामने आई है और कांग्रेस इसे लोकतंत्र की जीत मानती है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



