बुकिंग के बाद भी गैस न मिलने से फूटा गुस्सा
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी के फुलवारी शरीफ इलाके में रसोई गैस की किल्लत और वितरण व्यवस्था में धांधली को लेकर सोमवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज सैकड़ों लोगों ने नेशनल हाईवे-98/139 को एम्स के समीप नवादा मोड़ काली मंदिर के पास जाम कर दिया। सड़क पर खाली सिलेंडर रखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों के कारण घंटों आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि डिजिटल इंडिया के दौर में उन्हें मोबाइल पर ‘गैस बुकिंग’ और ‘डिलीवरी कन्फर्मेशन’ के मैसेज तो मिल रहे हैं, लेकिन हकीकत में सिलेंडर उनके घर तक नहीं पहुँच रहा। उपभोक्ताओं ने कहा की हम सुबह से ही लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन अंत में स्टॉक खत्म होने का बहाना बना दिया जाता है। जब एजेंसी के गोदाम पर जाते हैं, तो वहां कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं देते। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह समस्या नई नहीं है। नवादा मोड़ के पास रहने वाले लोगों का आरोप है कि गैस वितरण में पारदर्शिता की कमी है।
नंबर आने के बावजूद सिलेंडर न मिलना अब आम बात हो गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के सामने भोजन पकाने का संकट खड़ा हो गया है। सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। शुरुआत में उपभोक्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर और गैस एजेंसी प्रबंधन से बात कर वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया जा सका। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि वितरण प्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



