ग्रेटर नोएडा।
शनिवार, 10 जनवरी 2026 को कैलाश इंस्टिट्यूट ऑफ़ नर्सिंग, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रचिंतना द्वारा “साइबर सुरक्षा: चुनौतियां एवं समाधान” विषय पर 34वीं गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रोफेसर विवेक कुमार द्वारा तीन बार ॐ के नाद के साथ किया गया। विषय परिचय कराते हुए उन्होंने कहा कि अपराध की प्रवृत्ति, प्रकृति और उसका पैमाना तेजी से बदल रहा है। आभासी माध्यमों और डिजिटल लेनदेन के बढ़ते उपयोग के कारण साइबर अपराध मानवता के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. त्रिवेणी सिंह (पूर्व पुलिस अधीक्षक) एवं श्री पूर्णेन्दु घोष (संयुक्त सचिव, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन व संस्थापक वन रूफ सॉल्यूशन) को स्मृति चिन्ह एवं पटका देकर सम्मानित किया गया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में डॉ. त्रिवेणी सिंह ने डिजिटल लेनदेन और आभासी माध्यमों पर अत्यंत सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी सुरक्षा एजेंसियों से भी दो कदम आगे चलते हुए कॉल स्पूफिंग, ईमेल स्पूफिंग तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का प्रयोग कर नए-नए तरीकों से ठगी को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 55 हजार करोड़ रुपये साइबर फ्रॉड के माध्यम से विदेशों में भेजे जा चुके हैं, जो एक समानांतर अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है और यह देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
डॉ. सिंह ने छात्रों को विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा, नौकरी चयन पत्र, साक्षात्कार आमंत्रण जैसे अवसरों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन बिल 2023 के पूर्ण रूप से लागू होने के बाद साइबर अपराधों में कमी आएगी।
श्री पूर्णेन्दु घोष ने किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत सतर्क रहने और प्रभावी कदम उठाने का मूल मंत्र उपस्थित जनसमूह को दिया।
राष्ट्रचिंतना के अध्यक्ष प्रोफेसर बलवंत सिंह राजपूत ने डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर फ्रॉड रोकने के लिए त्वरित और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने नॉलेज पार्क क्षेत्र के विद्यार्थियों, आम जनता और विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।
राष्ट्रचिंतना ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष राजेश बिहारी ने सभी वक्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने के लिए कैलाश इंस्टिट्यूट ऑफ़ नर्सिंग के निदेशक डॉ. संदीप अग्रवाल को विशेष धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा, डॉ. लेखा सिंह, डॉ. निधि माहेश्वरी, सरोज अरोड़ा, राशि पाठक, प्रतिभा झा, श्रीमती संगीता वर्मा, डॉ. दिव्या अग्रवाल, राजेंद्र सोनी, नीरज जिंदल, किसलय कुमार, बिजेंद्र सिंह, नीरज कौशिक, चंद गुप्ता, दिव्या सिकरवार, प्रियंका चौहान सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



