दैनिक समाज जागरण 09.04.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर: महादानवीर भामाशाह की जयंती 23 अप्रैल को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा, पूर्वी सिंहभूम के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित हुए और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान “साहू समाज जिंदाबाद” और “महादानवीर भामाशाह अमर रहें” जैसे नारों से पूरा डीसी कार्यालय परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में मांग की कि भामाशाह जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देते हुए इस दिन अवकाश घोषित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष राकेश साहू ने कहा कि समाज की एकता, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सभी का एकजुट होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भामाशाह केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं। उनकी जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करना पूरे देश के लिए गर्व की बात होगी।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि लगभग 500 वर्ष पूर्व हल्दीघाटी का युद्ध के समय महाराणा प्रताप आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। ऐसे कठिन समय में भामाशाह ने अपनी संपूर्ण संपत्ति दान कर न केवल मेवाड़ की सेना को पुनर्गठित करने में मदद की, बल्कि देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया। महासभा का कहना है कि यह योगदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है और इसे उचित सम्मान मिलना चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि भामाशाह जयंती को देशभर में राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है, लेकिन अभी तक इसे आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय अवकाश का दर्जा नहीं मिला है। इस दिशा में केंद्र सरकार को पहल करनी चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, वरीय उपाध्यक्ष रंजीत कुमार साव, शिवलोचन साव, महिला जिला अध्यक्ष पूजा साहू, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद गुप्ता, जिला सलाहकार समिति संयोजक अवधेश कुमार, सत्यदेव प्रसाद, इंद्र नारायण साहू सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
अंत में महासभा के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और जल्द ही भामाशाह जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



