समाज जागरण अनिल कुमार
हरहुआ वाराणसी बाबतपुर-मंगारी रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के संबंध में जिलाधिकारी, वाराणसी को व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू सिंह ,समाजसेवी प्रमोद पांडेय ने मिलकर मांग उठाई।
उल्लेखनीय है कि उक्त रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण एस-आकार में किया गया है। पुल पर बने तीर्छे एवं घुमावदार मोड़ों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। विशेषकर रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संकेतकों के अभाव में गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी।
जनहित में आरओबी पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए समुचित संख्या में स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएं। प्रत्येक घुमावदार मोड़ पर दिशा-सूचक एवं दुर्घटना चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
पुल पर आवश्यकतानुसार रिफ्लेक्टर, कैट-आई एवं अन्य आधुनिक सुरक्षा संकेतक लगाए जाएं।
वाहन चालकों की सुरक्षा के दृष्टिगत गति सीमा एवं यातायात नियमों से संबंधित संकेतक स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं।आरओबी के उत्तरी एवं दक्षिणी छोर पर उतरते समय वाहनों की तेज रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक गति नियंत्रक एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मांगों का उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा विभाग की आलोचना करना नहीं, बल्कि संभावित सड़क दुर्घटनाओं को समय रहते रोकना और आम जनमानस के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना है।
शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग किसी अप्रिय घटना की प्रतीक्षा किए बिना इस गंभीर जनहित के विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं कराई जाएं।
एक छोटी-सी सावधानी किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकती है। उद्देश्य केवल इतना है कि हर व्यक्ति सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




