समाज जागरण
कुकड़ू|चांडिल: लाटेमदा पंचायत अंतर्गत बड़ालापांग गांव में मंगलवार को लाभुक किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व और इसके उपयोग से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आकांक्षी प्रखंड फेलो (ABF) सागर कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अश्विनी महतो, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM) हिमांशु कुमार, किसान मित्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे।
इस दौरान लाभुक किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से किसानों को अपने खेत की मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों की स्थिति की जानकारी मिलती है। इसके आधार पर किसान फसल के अनुसार आवश्यक उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार तथा कृषि उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने किसानों से मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दी गई अनुशंसाओं के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि मिट्टी की जांच के आधार पर खेती करने से अनावश्यक उर्वरक खर्च को कम करने के साथ-साथ मिट्टी की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे किसानों को लंबे समय में बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ मिल सकता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



