google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो बूंदी सीज, 200 किलो पनीर नष्ट

गौतमबुद्धनगर, 25 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए 100 किलो बूंदी को सीज किया, जबकि प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं प्रदूषित पाए गए करीब 200 किलो पनीर को नष्ट कराया गया। अभियान के दौरान कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनपदवासियों को रक्षाबंधन पर्व के दौरान शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।

जेवर टोल प्लाजा पर पनीर के नमूने लिए

24 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और महेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग डेयरियों से दिल्ली और दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर के चार नमूने लिए गए।

आरके डेयरी, सहजपुरा पिसावा, अलीगढ़ से आ रहे वाहन से एक नमूना, नगला कला अलीगढ़ स्थित राहुल कुमार की डेयरी से आ रहे पनीर का एक नमूना तथा बाजना, मथुरा की मोहित डेयरी से दिल्ली-एनसीआर सप्लाई के लिए जा रहे पनीर के दो नमूने लिए गए।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने डीएनडी फ्लाईओवर पर राधे डेयरी, बाजना, मथुरा से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया।

100 किलो बूंदी सीज

पुस्ता, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एमके स्वीट की लड्डू निर्माणशाला में भी टीम ने कार्रवाई की। यहां से बूंदी का एक नमूना लिया गया। प्रथम दृष्टया बूंदी में अधिक मात्रा में रंग होने और मिलावट की आशंका के चलते लगभग 100 किलो बूंदी को सीज कर दिया गया।

200 किलो पनीर कराया नष्ट

25 अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे खाद्य विभाग की टीम ने जीटी रोड, दादरी-नोएडा पर वैगन-आर वाहन संख्या UP16DR7894 की जांच की। वाहन में मेवात, हरियाणा से करीब 200 किलो पनीर दिल्ली से दादरी सप्लाई के लिए लाया जा रहा था।

जांच के दौरान पनीर का एक नमूना लिया गया। प्रथम दृष्टया पनीर मिलावटी एवं प्रदूषित पाए जाने पर शेष करीब 200 किलो पनीर को नष्ट कराया गया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 स्थित समा असली मुरादाबादी चिकन बिरयानी से चिकन बिरयानी का एक नमूना तथा गौर सिटी स्थित हीरा स्वीट्स से प्याज कचौरी का एक नमूना लिया।

इस तरह अभियान के दौरान कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की टीमें लगातार नमूने संग्रहित कर यह सुनिश्चित करेंगी कि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हों।

रक्षाबंधन2026 #नोएडा #ग्रेटरनोएडा #खाद्यसुरक्षा #मिलावटखोरी #मिलावटीपनीर #गौतमबुद्धनगर #खाद्यविभाग #समाजजागरण


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)