समाज जागरण/ अकबर अली
अनपरा/ सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शक्तिनगर स्थित ए.के. गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर पंचायत अनपरा क्षेत्र में प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण की प्रगति सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एसटीपी निर्माण हेतु अब तक भूमि का चिन्हांकन न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अनपरा तथा संबंधित लेखपाल को निर्देशित करते हुए कहा कि एसटीपी निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन एवं उससे संबंधित समस्त औपचारिकताएं तत्काल पूर्ण कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रगति से अवगत कराया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अनपरा क्षेत्र में विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए फ्लाई ऐश के वैज्ञानिक एवं नियमानुसार निस्तारण के संबंध में संबंधित विभागों एवं परियोजना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फ्लाई ऐश के निस्तारण में पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फ्लाई ऐश के सुरक्षित, व्यवस्थित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्यों को पूर्ण कराएं, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



