बूंद-बूंद पानी बचाने का जल संरक्षण साक्षरता अभियान
: संबंधित विभाग के अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों को दिया गया संज्ञान में: अशोक भारद्वाज
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी। विश्व जल दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति द्वारा शहर में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जल साक्षरता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिसके तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत लीकेज पाइपलाइन, व्यर्थ बहते पानी और जल के दुरुपयोग को रोकने के लिए संबंधित विभाग व उपभोक्ताओं को जल संरक्षण साक्षरता अभियान के तहत जागरूक किया जा रहा है। आज स्थानीय हनुमान ढाणी चौक सर्कुलर मार्ग पर हजारों लीटर पेयजल पाईप लाईन से व्यर्थ बह रहा है। उसके लिए संबंधित विभाग व उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया ।
अभियान के सूत्रधार एवं भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि “पानी की हर बूंद अनमोल है, इसे व्यर्थ बहने से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है, ऐसे में यदि अभी से पानी का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाले समय में पेयजल की गंभीर किल्लत हो सकती है।
उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइनों में हो रहे लीकेज पर चिंता जताते हुए कहा कि संबंधित विभाग को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। जहां भी पाइपलाइन टूटी हुई है या गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य किया जाना चाहिए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों तक स्वच्छ जल पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हनुमान ढाणी चौक सर्कुलर मार्ग पर एक माह से हजारों लीटर पेयजल खराब हो रहा, विभाग इस मामले जल्द संज्ञान लेते हुए पेयजल को व्यर्थ होने से बचाएं।
अशोक भारद्वाज ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जितनी आवश्यकता हो, उतना ही पानी उपयोग में लें और जल का सदुपयोग करें। उन्होंने सुझाव दिया कि घरों और गलियों में लगे नलों पर टोटी अवश्य लगाई जाए, जिससे पानी का अनावश्यक बहाव रोका जा सके। साथ ही, जहां सीवरेज का पानी मिल रहा है, वहां संबंधित समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
इस अभियान के माध्यम से संस्था का उद्देश्य लोगों में जल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और “जल है तो कल है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को भिवानी के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ, जन स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी कनिष्ट व वरिष्ठ अधिकारियों को संज्ञान में दिया गया है। ताकि समय रहते हुए हजारों लिटर पेयजल को व्यर्थ होने से बचाया जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



