दिन में सस्ती और शाम को महंगी मिलेगी बिजली
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार में एक अप्रैल से बिजली आपूर्ति की नई व्यवस्था (Time of Day Tariff) लागू कर दी गई है। इसके तहत उपभोक्ताओं के लिए अब बिजली की दरें पूरे दिन एक समान नहीं रहेंगी। नई प्रणाली का मुख्य उद्देश्य बिजली की मांग को संतुलित करना और उपभोक्ताओं को दिन के समय कम दरों पर बिजली उपयोग करने का अवसर देना है। फिलहाल यह व्यवस्था राज्य के उन 87 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले घरेलू उपभोक्ताओं पर लागू होगी, जो शहरी क्षेत्रों से जुड़े हैं। कृषि उपभोक्ताओं को अभी इससे बाहर रखा गया है।
नई व्यवस्था के तहत 24 घंटों को तीन अलग-अलग स्लैब में बांटा गया है। जिसके अनुसार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली की दर सामान्य से लगभग 20% कम यानी 2.30 रुपये प्रति यूनिट होगी। सरकार का सुझाव है कि भारी उपकरण जैसे मोटर, वाशिंग मशीन आदि का उपयोग इसी समय करें। जबकि शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक मांग सबसे अधिक रहती है, इसलिए दर 4.61 रुपये प्रति यूनिट तय की गई है।
हालांकि, यह पिछली पीक रेट (5.27 रुपये) से कम है। वही रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक दर 3.87 रुपये प्रति यूनिट रहेगी, जो सामान्य दर के बराबर है। बिजली बिल के बढ़ते बोझ से बचाने के लिए राज्य सरकार ने अनुदान (Subsidy) जारी रखा है। शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 125 यूनिट से अधिक खपत पर निर्धारित दर 7.17 रुपये है, लेकिन सरकार 3.30 रुपये प्रति यूनिट का अनुदान दे रही है।
इस राहत के बाद प्रभावी दर 3.87 रुपये प्रति यूनिट ही रह जाएगी।ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि इस ‘टाइम ऑफ डे’ टैरिफ से शाम के समय ग्रिड पर पड़ने वाला दबाव कम होगा। इससे बिजली कटौती की समस्या दूर होगी और उपभोक्ता अपने बिजली उपयोग की योजना बनाकर मासिक खर्च में कटौती कर सकेंगे। बिहार विद्युत नियामक आयोग ने इसे ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया है।



