टाटानगर स्टेशन का डीआरएम तरुण हुरिया ने किया निरीक्षण

दैनिक समाज जागरण 16.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल (सीकेपी) के डीआरएम तरुण हुरिया ने शनिवार दोपहर टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, टिकट काउंटरों, प्लेटफॉर्म तक पहुंचने वाले मार्गों और रेलवे कर्मचारियों की कार्य स्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


स्टेशन पहुंचने पर डीआरएम का स्वागत रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ कर्मियों द्वारा किया गया। इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर का दौरा शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने टिकट काउंटर और रिजर्वेशन काउंटर का निरीक्षण किया तथा यह जानकारी ली कि यात्रियों को टिकट लेने में किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है। उन्होंने कतार व्यवस्था, यात्रियों की भीड़ और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म तक पहुंचने वाले मार्गों, प्रतीक्षालयों, पेयजल व्यवस्था और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए पेयजल और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और यात्रियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता होनी चाहिए।


डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि आने वाले दिनों में गर्मी की छुट्टियों के कारण यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होने वाली है। ऐसे में रेलवे प्रशासन को पहले से ही पूरी तैयारी रखनी होगी ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भीड़ नियंत्रण, टिकट व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने आरपीएफ महिला बैरक का भी दौरा किया। वहां उन्होंने महिला सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने महिला कर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी यात्रियों की सुविधा।


टाटानगर स्टेशन के री-डेवलपमेंट कार्यों की समीक्षा करते हुए डीआरएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि यात्रियों के लिए और कौन-कौन सी सुविधाएं बढ़ाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे लगातार आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रहा है ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके। स्टेशन को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए चल रहे कार्यों को समय पर पूरा करने का भी निर्देश दिया गया।


गर्मी की छुट्टियों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के परिचालन पर भी डीआरएम ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छुट्टियों के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है, इसलिए रेलवे प्रशासन अतिरिक्त तैयारी कर रहा है। संबंधित विभागों को पहले से ही आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं।


हाल ही में मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान करंट लगने से एक किशोर की हुई मौत पर डीआरएम ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए लोगों से रेलवे परिसर और ट्रेनों के आसपास सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेलवे समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाता है, लेकिन लोगों को भी सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को रेलवे ट्रैक तथा ट्रेनों से दूर रहने की सलाह दी।


स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 और 2 पर लगे एक्सीलेटर के अक्सर बंद रहने के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि इस संबंध में संबंधित कंपनी से बातचीत की गई है। उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण कुछ पार्ट्स में समस्या आई थी, जिसे जल्द से जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक्सीलेटर को शीघ्र चालू कर यात्रियों को राहत दी जाएगी।


ट्रेनों के परिचालन में हो रही देरी के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि रेलवे लगातार सुधार की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में रेलवे सेवाओं में काफी सुधार हुआ है और आने वाले समय में यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)