●एक बाइक सवार की हालत गंभीर, कार छोड़ चालक फरार; आरोपी के बीएसएफ कर्मी होने की चर्चा●
पंकज कुमार पाठक,समाज जागरण
हजारीबाग। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के केशुरा गांव के समीप एनएच-100 पर रविवार की सुबह शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहे चालक ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टाटा टियागो कार (जेएच-02एडब्ल्यू-4848) की चपेट में आने से कई बाइक सवार और पैदल यात्री घायल हो गए। हादसे में धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के पाठकडीह निवासी शैलेन्द्र कुमार पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार मेरु निवासी दीपक चौबे चला रहा था। बताया जाता है कि वह शराब के नशे में था और काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। केशुरा के पास उसने विपरीत दिशा से आ रही होंडा एसपी शाइन बाइक (जेएच-02बीवाई-2877) में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार शैलेन्द्र कुमार पाठक इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहली टक्कर के बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका और रास्ते में कई अन्य बाइक सवारों तथा पैदल यात्रियों को भी टक्कर मार दी। लगातार हो रहे हादसों से सड़क पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
गंभीर रूप से घायल शैलेन्द्र कुमार पाठक को प्रारंभिक उपचार के बाद रिम्स रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार, दुर्घटना में उनकी एक जांघ की हड्डी, दूसरे पैर की हड्डी, बाएं हाथ की कलाई और पसली में फ्रैक्चर हुआ है। सिर में भी गंभीर चोट लगी है। फिलहाल उनका बरियातू स्थित श्री जगन्नाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि आरोपी दीपक चौबे बीएसएफ में कार्यरत है और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग सिलीगुड़ी में है। घटना की सुबह रविवार को ही वह अपने घर मेरु आया था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार चालक की तलाश में जुटी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



