समाज जागरण
दैनिक समाज जागरण | 22.05.2026 | चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) | पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों में आखिरकार विकास की रोशनी पहुंचने जा रही है। वर्षों से अंधेरे में जीवन बिता रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात के रूप में बिजली पहुंचाने की दिशा में पहल की गई है। इसी क्रम में खैरबनी गांव के बानागोड़ा तथा पलाशबनी पंचायत के बाकड़ाकोचा गांव के राहड़गोड़ा टोला में विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के लगभग 80 वर्षों बाद पहली बार इन सुदूरवर्ती इलाकों में बिजली पहुंचने जा रही है, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
यह कार्य झारखंड सरकार की ‘मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना’ और ‘एमयूजेआई योजना’ के तहत किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत गांवों में बिजली के खंभे लगाए जाएंगे, तार बिछाए जाएंगे और ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाएंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार का पारंपरिक रीति-रिवाज और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन कठिन था, लेकिन अब विकास की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि अब तक कई जनप्रतिनिधि आए और गए, लेकिन किसी ने इन सुदूर गांवों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। बारिश के मौसम में स्थिति और भी दयनीय हो जाती थी, जबकि रात होते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता था।
अब बिजली आने से बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग, छोटे व्यवसाय और दैनिक जीवन में काफी सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों की अन्य समस्याएं भी सुनीं, जिनमें सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रमुख रहीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी गांव को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और सभी समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा किया जाए ताकि ग्रामीणों को शीघ्र बिजली सुविधा का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने इसे केवल बिजली परियोजना नहीं, बल्कि अपने गांवों के विकास और बेहतर भविष्य की शुरुआत बताया।
Dumaria #JamshedpurNews #EastSinghbhum #JharkhandNews #SanjivSaradar #MLA #PotkaAssembly #BijliYojana #RuralDevelopment



