वरिष्ठ नागरिक घर-परिवार व समाज की शान हैं : प्रो. ई. वी. गिरीश
दैनिक समाज जागरण | जिला संवाददाता : महेन्द्र जावला बहल
बहल, 5 मई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहल शाखा के समाज सेवा प्रभाग के तत्वावधान में “संगम गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन” विषय पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता प्रो. ई. वी. गिरीश (मुंबई) ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक घर-परिवार और समाज की शान होते हैं। उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था जीवन का गौरवपूर्ण चरण है, जिसे सम्मान, स्नेह और आत्मिक शक्ति के साथ जीना चाहिए।
समाज सेवा प्रभाग के मुख्यालय संयोजक ब्रह्माकुमार बीरेंद्र भाई ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है तथा उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्य अतिथि गजानंद अग्रवाल ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। विशिष्ट अतिथि साधुराम पनिहार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में संस्कार और सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
डॉ. एस.के. सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी शकुंतला दीदी ने सभी को आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संदेश दिया। ब्रह्माकुमारी पूनम बहन ने मेडिटेशन के माध्यम से उपस्थित लोगों को आत्मिक शांति का अनुभव कराया।
कार्यक्रम में लगभग 175 वरिष्ठ नागरिकों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन समाज सेवा प्रभाग के हरियाणा संयोजक ब्रह्माकुमार सुनील एवं समाजसेवी सुनील केडिया ने संयुक्त रूप से किया।



