मास्टर सोनू शर्मा को जेवर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया, पत्रकारों को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित
बिलासपुर/गौतमबुद्ध नगर। सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी की जनसभा कस्बा बिलासपुर में दनकौर-सिकंदराबाद रोड स्थित पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मनोज भाटी के प्रांगण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर गुरुजी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनसभा में संगठन को मजबूत बनाने, सक्रिय पदाधिकारियों की पदोन्नति, क्षेत्र की समस्याओं और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्र के पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर जगपाल सिंह भाटी, प्रदेश महासचिव चंद्रपाल भाटी, जेवर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी धनीराम नगर और सतवीर प्रधान चंदावली सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच का संचालन मास्टर पवन गुरुजी ने किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर गुरुजी ने कहा कि सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी कई राज्यों में विधानसभा और राज्यसभा के चुनाव लड़ चुकी है। पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 में 150 सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधानसभा सीटों पर भी पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी।
उन्होंने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए आबादी की जमीन, उचित मुआवजा और किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने किसानों को 10 प्रतिशत आबादी भूमि और 10,000 रुपये प्रति गज की दर से मुआवजा दिलाने का वादा किया। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों की पेंशन से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जेवर विधानसभा क्षेत्र से मास्टर सोनू शर्मा को विधानसभा पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कई पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जनसभा के दौरान संगठन विस्तार के तहत कई पदाधिकारियों की पदोन्नति और नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। चौधरी देवेंद्र भाटी गुर्जर को मेरठ मंडल अध्यक्ष से पदोन्नत कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया। मास्टर पंडित सोनू शर्मा को मेरठ मंडल उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त करते हुए 63-जेवर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया।
इसी क्रम में मनोज भाटी दलेलगढ़ को गौतमबुद्ध नगर का जिला उपाध्यक्ष तथा महेश प्रजापति को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। जोगिंदर भाटी को प्रदेश सचिव, श्यामसुंदर नागर को जिला प्रभारी और चौधरी बलराज भाटी को जानीपुरा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा की गई।
पत्रकारों को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए विभिन्न समाचार संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और पार्टी का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में दैनिक जागरण के घनश्याम पाल, राष्ट्रीय सहारा एवं बुलंद न्यूज़ से नंद गोपाल वर्मा, हिंद फॉक्स न्यूज़ से सोनू नगर, अमर उजाला से हरि बाबा, एनसीआर एक्सप्रेस न्यूज़ से सफी मोहम्मद सैफी, दैनिक बुलंद संदेश से खालिद सैफी तथा वंदना न्यूज़ से अंजलि सिसोदिया सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।
इस अवसर पर चौधरी धनपाल भाटी और राजेंद्र भाटी निवासी जानीपुरा, महेश वाल्मीकि, धर्मवीर नागर जानीपुरा, चौधरी नेपाल सिंह राठी शाहपुर खुर्द, चौधरी गजराज सिंह भाटी, आनंद भाटी नियाना, भोपाल प्रजापति आजमपुर गढ़ी, दीपक भाटी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंच संचालक मास्टर पवन गुरुजी ने पार्टी की विचारधारा, संगठन की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति के बारे में जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी को तन-मन-धन से सहयोग देने का आश्वासन दिया।
हेतेवा में पार्टी कार्यालय के लिए भूमि पूजन
जनसभा के समापन के बाद गांव हेतेवा में पार्टी का जिला कार्यालय स्थापित करने के उद्देश्य से भूमि पूजन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर गुरुजी और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कार्यालय की नींव रखी गई। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे संगठन के विस्तार और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



