google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

महर्षि नगर की रामलीला में गूंजा जय श्रीराम, लंका दहन के भव्य मंचन ने मोहा मन

*शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मिलन और बाली वध के प्रसंगों ने किया भावविभोर, सांसद डॉ. महेश शर्मा रहे मुख्य अतिथि**

**नोएडा।** सेक्टर-110 स्थित महर्षि नगर में आयोजित दुर्गा पूजा एवं श्रीरामलीला महोत्सव में भगवान श्रीराम की भक्ति, वीरता और धर्म की विजय के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शुक्रवार को रामलीला में शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मिलन, बाली वध, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन का आकर्षक मंचन किया गया। विशेष रूप से लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।



महोत्सव में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी ए.के. लाल ने बताया कि रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम की करुणा, मित्रता के महत्व और भक्त हनुमान की अद्भुत शक्ति एवं समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। शबरी प्रसंग ने प्रेम और निष्काम भक्ति का संदेश दिया, जबकि राम-सुग्रीव मिलन तथा बाली वध के मंचन ने मित्रता, न्याय और धर्म की स्थापना का महत्व समझाया।

रावण की सभा में हनुमान जी के निर्भीक संवाद और इसके बाद लंका दहन के रोमांचक दृश्य ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कलाकारों के जीवंत अभिनय और प्रभावशाली प्रस्तुति पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक जयकारे लगाए।

**धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय हुआ महर्षि नगर**

दुर्गा पूजा एवं श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार, वेद पाठ, भजन-कीर्तन, प्रवचन और आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह के वैदिक अनुष्ठानों से लेकर शाम की रामलीला तक क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं।

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को सत्य, त्याग, कर्तव्य, मर्यादा और पारिवारिक मूल्यों की प्रेरणा देने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष एवं महर्षि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव, राहुल भारद्वाज, राम श्रीवास्तव, लक्ष्मण श्रीवास्तव, के.के. श्रीवास्तव और संदीप श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्री दुर्गा पूजा, विजयादशमी एवं श्रीरामलीला महोत्सव के संयोजक रामेंद्र सचान, शिशिर श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव और विनीत श्रीवास्तव के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)